संस्थापक

श्रृंग जी अतीत में भी थे, वर्तमान में भी हैं और भविष्य में भी रहेंगे - अवनीश सिंह चौहान 



           मुरादाबाद के साहित्यिक इतिहास में श्रद्धेय राजेन्द्र मोहन शर्मा 'श्रृंग' जी का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित होने के बावजूद भी, समूचा देश उनके अवदान से लगभग अपरिचित है। श्रद्धेय श्रृंग जी का प्रथम गीत संग्रह 'अर्चना के गीत' 1960 में प्रकाशित हुआ था। यह संग्रह पारम्परिक गीतों की एक कड़ी के रूप में देखा जाता है, जिसमें साठोत्तरी कविता के प्रमुख तत्वों, विशेषताओं, यथा- आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक विसंगतियां और उनके प्रति विद्रोह एवं आक्रोश की भावना आदि का अवलोकन किया जा सकता है। शायद इसीलिये उस समय ख्यातिलब्ध रचनाकार श्रद्धेय डॉ हरिवंशराय बच्चन, गोपाल सिंह नैपाली जी, गोपालदास नीरज जी आदि ने उनकी भूरि- भूरि प्रशंसा की थी। समय का पहिया घूमा और यह स्वाभिमानी एवं संस्कारवान रचनाकार रेलवे से रिटायर होने के बाद आर्थिक कठिनाइयों से जूझने लगा। इन विषम परिस्थितियों में भी वह रचनाकर्म करता रहा। किन्तु रचनाकर्म ही काफी नहीं था। जरूरत थी कि वह अपने लिखे को समय से प्रकाशित-प्रसारित करवाते।  ऐसा न होने पर यह रचनाकार समय की धुंध में खो गया।

            एक समय ऐसा भी आया जब युवा कवि योगेन्द्र वर्मा 'व्योम' श्रृंग जी के संपर्क में आये और उनसे प्रभावित हुये। व्योमजी जी ने सहृदयतावश उनकी दो पुस्तकों का प्रकाशन कराया- 'मैंने कब ये गीत लिखे हैं' (गीत संग्रह, 2007) एवं 'शकुंतला' (प्रबंध काव्य, 2007)। इन कृतियों का प्रकाशन श्रृंग जी के जीवन की एक महत्वपूर्ण घटना बनी, जिसके परिणामस्वरूप उनमें फिर से रचनात्मक उत्साह एवं उमंग का संचार होने लगा।

            यहाँ यह बात गौर करने की है कि 1960 ई. से 2007 ई. तक उनकी कृतियों के प्रकाशन का अंतराल बहुत बड़ा है। उस अंतराल का एक प्रभाव यह भी पड़ा कि जो रचनाएँ जिस समय लिखीं गयी थीं, उस समय प्रकाशित न हो पाने के कारण उनकी प्रासंगिकता पर प्रकाशन वर्ष को ध्यान में रखकर विचार किया जाने लगा। तब बदले हुए समय, समाज और परिस्थितियों के साथ काव्य की भाषा-कहन में जबरदस्त बदलाव का प्रभाव पाठकों के मन में श्रृंग जी की रचनाओं के प्रति एक अलग प्रकार का दृष्टिकोण बनाने लगा। यह पाठकों/भावकों में उनके रचना संसार के प्रति अलगाव की स्थिति थी - विचार के स्तर पर। तथापि मुरादाबाद में उनके चाहने वालों की कमी नहीं रही। उन्हें अपने शहर में भरपूर सम्मान एवं स्नेह मिलता रहा।

            प्रतिभावान कवि, लेखक, कुशल संयोजक एवं हिंदी प्रेमी श्रद्धेय श्रृंग जी ने गीत, कहानियां, संस्मरण, एकांकी, हाइकु, बाल कविताएँ, रेखा-चित्र, हास्य-व्यंग्य, प्रबंध काव्य आदि विधाओं में अपनी लेखनी चलाई। किन्तु दुःखद यह है कि उनकी कई कृतियां आज तक प्रकाशित नहीं हो सकी और जो हुईं भी उनका मूल्यांकन नहीं हो सका। जहाँ तक उनकी प्रकाशित कृतियों की बात है, तो मेरी दृष्टि में उनका प्रबंध काव्य 'शकुंतला' सर्वश्रेष्ठ है। इस प्रबंध काव्य में शकुंतला एवं दुष्यंत के चरित्रों को बड़ी सहजता एवं गंभीरता से उभारा गया है। भारतीय संस्कारों का ऐतिहासिक घटना के माध्यम से प्रकटीकरण इस पौराणिक प्रेम कथा को जीवंत कर देता है। इसका मतलब यह कदापि नहीं कि इसमें आधुनिक जीवन के लिए कोई सन्देश नहीं है, बल्कि इसमें सर्वकाल के लिए जीवन सौन्दर्य का अद्भुत वर्णन मिलता है। इस दृष्टि से यह प्रबंध काव्य प्रसिद्ध लेखक वेलेन्सकी की इस धारणा से मेल खाता है कि 'सौन्दर्य सामाजिक जीवन के जीवंत यथार्थ का ऐसा प्रतिबिम्ब है, जो हमें आनन्द ही नहीं देता, प्रगतिशील होने की प्रेरणा भी देता है।' अपने को अकिंचन और दूसरों को श्रेय देने वाले श्रृंग जी निर्मल हृदय के व्यक्ति थे। सहज एवं मितभाषी। जब भी बोलते, विनम्रता से बोलते। जब भी मिलते, अपनेपन से मिलते।

              अपनी संस्था 'हिन्दी साहित्य संगम' से साहित्यकारों को जोड़ना, आगंतुकों का आदर करना, रसिकों का स्वागत करना, उन्हें अच्छा लगता था। युवा साहित्यकारों से उन्हें विशेष लगाव था। वे युवा रचनाकारों को न केवल प्रोत्साहित करते, बल्कि मंच प्रदान कर उनका मार्गदर्शन भी किया करते थे। वे अपनी संस्था की साहित्यिक गोष्ठी में स्वयं रचनाकारों को आमंत्रित करते थे, किसी के न पहुँचने पर उससे फोन पर न आ पाने का कारण, कुशल-क्षेम पूछते और अगली मासिक गोष्ठी में पुनः आमंत्रित करना कभी नहीं भूलते। बाद में उनके इस कार्य में विशेष सहयोगी बने आदरणीय रामदत्त द्विवेदी जी एवं युवा रचनाकार जितेंद्र कुमार जौली। यह उनका युवा रचनाकारों के प्रति स्नेह एवं वात्सल्य ही था कि वे मेरा हाल-चाल लेने मेरे घर पर भी आ जाया करते थे और इसी बहाने मेरे बच्चों को भी उनका आशीर्वाद मिल जाया करता था।
             श्रृंग जी जैसे सहज व्यक्तित्व मुरादाबाद के साहित्यिक इतिहास में कम ही दिखाई पड़ते हैं, इसलिए उनकी याद आना स्वाभाविक है। कहा जाता है कि आत्मा अमर है, और यदि ऐसा है तो श्रृंग जी अतीत में भी थे, वर्तमान में भी हैं और भविष्य में भी रहेंगे।

- अवनीश सिंह चौहान 


साभार - पूर्वाभास इन्टरनेट पत्रिका 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें